झारखंड में जेपीएससी विवाद के सूत्रधार हैं बाबूलाल : एम तौसिफ

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में जेपीएससी विवाद के सूत्रधार हैं बाबूलाल : एम तौसिफ


रांची, 30 जुलाई (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया संयोजक डॉ एम तौसीफ ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू पर हमला करते हुए कहा है कि जेपीएससी विवाद के सूत्रधार झारखंड के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी हैं।

उन्होंने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राज्य में सबसे पहले बाबूलाल मरांडी के खिलाफ जांच होनी चाहिए। उन्होंने अपने कार्यकाल में अपने चहेतों को जेपीएससी का अध्यक्ष और सदस्य बनाया था। पूर्व के जेपीएससी के सदस्यों का बैकग्राउंड किस विचारधारा से था। यह किसी से छिपा नहीं है। उस दौरान जेपीएससी में धांधली कर बाबूलाल के चाहने वालों को नौकरियां रेवड़ी की तरह बांटी गईं। काफी विरोध भी हुआ और हजारों छात्र सड़क पर उतरे। लेकिन दबाव के कारण जेपीएससी के पहले और दूसरे बैच को लेकर मुकदमा हुआ और मामला कोर्ट में गया। इससे यह प्रतीत होता है कि भाजपा ने सरकार में आने के साथ ही शिक्षा व्यवस्था को बिल्कुल ध्वस्त कर दिया।

उन्होंने कहा कि झारखंड में यह सिलसिला चलता रहा है। इसके बाद भी भाजपा के कई मुख्यमंत्री आये लेकिन किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया।

कांग्रेस पार्टी का मानना है कि देश भर में हुए नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि निष्पक्ष जांच केंद्र सरकार नहीं करा सकती। उसका मुख्य कारण भाजपा की ओर से एक खास विचारधारा के लोगों को पूरे देश के एजुकेशन सिस्टम पर बैठाना है। यही लोग शिक्षा व्यवस्था को पंगु बना रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story