बाबूलाल मरांडी ने पूर्व डीएफओ के खिलाफ की एफआइआर की मांग, एसीबी को लिखा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
बाबूलाल मरांडी ने पूर्व डीएफओ के खिलाफ की एफआइआर की मांग, एसीबी को लिखा पत्र


रांची, 22 मार्च (हि.स.)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची वन प्रमंडल में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) से प्राथमिकी दर्ज कर जांच कराने की मांग की है। उन्होंने एसीबी के उपमहानिदेशक (एडीजी) को पत्र लिखकर तत्कालीन मंडलीय वन अधिकारी (डीएफओ) राजीव लोचन बख्शी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।

मरांडी ने रविवार को लिखे अपने पत्र में कहा है कि वर्ष 2013 से 2018 के बीच करोड़ों रुपये की गड़बड़ी हुई। ऑडिट रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि लगभग 1.80 करोड़ रुपये की सामग्री खरीद से संबंधित मूल वाउचर गायब हैं। वहीं, 5.45 करोड़ रुपये से अधिक के मजदूरी भुगतान से जुड़े मस्टर रोल संदिग्ध पाए गए हैं। इससे फर्जी भुगतान और सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका जताई गई है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई मस्टर रोल में मजदूरों के भुगतान को बैंक खातों के बजाय नकद दिखाया गया, जो नियमों के विपरीत है और अनियमितताओं की ओर इशारा करता है।

वन भूमि से जुड़े मामले को भी गंभीर बताते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि करीब 7.35 हेक्टेयर वन भूमि के उपयोग में नियमों का उल्लंघन किया गया। बिना आवश्यक सरकारी अनुमति के निर्णय लेकर संबंधित एजेंसियों को अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा, कैंपा फंड और अन्य योजनाओं के तहत जारी किए गए करोड़ों रुपये के अग्रिम भुगतान का समायोजन नहीं किया गया, जो वित्तीय अनियमितताओं को छिपाने की कोशिश दर्शाता है।

नेता प्रतिपक्ष ने एसीबी से मांग की है कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जाए। साथ ही पूरे मामले की फॉरेंसिक ऑडिट कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story