बाबूलाल मरांडी ने नीतीश कुमार को राज्यसभा के लिए दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
बाबूलाल मरांडी ने नीतीश कुमार को राज्यसभा के लिए दी बधाई


रांची, 5 मार्च (हि.स.)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा की सदस्यता के लिए नामांकन दाखिल करने पर बधाई दी।

मरांडी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि नीतीश कुमार पिछले तीन-चार दशकों से बिहार की राजनीति के केंद्र में रहे हैं और राज्य को जंगल राज से बाहर निकालकर सुशासन स्थापित करने में अहम योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने प्रशासनिक स्थिरता, विकास और बेहतर शासन के लिए एक नई पहचान बनाई है। मरांडी ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार ने सार्वजनिक जीवन में हमेशा ईमानदारी, सम्मान और नैतिकता के मूल्यों को प्राथमिकता दी है।

बाबूलाल मरांडी ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल राज्य के इतिहास में एक सुनहरे अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्यसभा सदस्य के रूप में नीतीश कुमार का अनुभव और नेतृत्व संसद के उच्च सदन को भी गौरवान्वित करेगा।

मरांडी ने नीतीश कुमार को उनके उज्ज्वल भविष्य और देश के विकास में उनके योगदान के लिए हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story