बाबूलाल मरांडी ने 108 एंबुलेंस सेवा में वित्तीय अनियमितता का लगाया आरोप, जांच की मांग
रांची, 21 अगस्त (हि.स.)। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में संचालित 108 एंबुलेंस सेवा में वित्तीय अनियमितता और कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को शुक्रवार को पत्र लिखा है। पत्र के मध्यम से उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा संचालक एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मरांडी ने पत्र में आरोप लगाया है कि राज्य में 543 एंबुलेंस का संचालन किया जा रहा है। इनमें 500 एंबुलेंस के संचालन की जिम्मेदारी पांच फरवरी 2025 से पटना की सम्मान फाउंडेशन को दी गई है। उनके अनुसार, करीब 80 एंबुलेंस विभिन्न जिलों में कई-कई महीनों से खराब पड़े हैं। इसके बावजूद इन वाहनों के लिए प्रति एंबुलेंस 93 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से भुगतान किया जा रहा है।
पत्र के मुताबिक, 80 खराब एंबुलेंस के कुल 618 माह के लिए करीब 5 करोड़ 74 लाख 74 हजार रुपये का भुगतान किए जाने का दावा किया गया है। मरांडी ने इस भुगतान की जांच कराने और कथित अतिरिक्त राशि की वसूली की मांग की है।
नेता प्रतिपक्ष ने सम्मान फाउंडेशन पर फरवरी 2025 से अक्टूबर 2025 तक कर्मचारियों के पीएफ और ईएसआई मद की करीब 7 करोड़ 12 लाख रुपये की राशि जमा नहीं करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का फरवरी 2025 से जुलाई 2026 तक का वेतन भी लंबित है।
मरांडी ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को वेतन और ओवरटाइम भुगतान के लिए लगातार आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की शीघ्र उच्चस्तरीय जांच कराने, सम्मान फाउंडेशन को किए गए कथित अतिरिक्त भुगतान की वसूली करने और एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है।
उन्होंने कथित अनियमितता में शामिल विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

