चाईबासा में अवैध लौह अयस्क कारोबार को मिल रहा सत्ता संरक्षण : बाबूलाल

WhatsApp Channel Join Now
चाईबासा में अवैध लौह अयस्क कारोबार को मिल रहा सत्ता संरक्षण : बाबूलाल


चाईबासा में अवैध लौह अयस्क कारोबार को मिल रहा सत्ता संरक्षण : बाबूलाल


रांची, 11 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) के माध्यम से कहा कि चाईबासा में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के नाम पर पहले से चल रहा खेल अब बड़े भ्रष्टाचार और अवैध कारोबार का रूप ले चुका है।

मरांडी ने आरोप लगाया कि अवैध लौह अयस्क के परिवहन के कारण हर दिन गरीब आदिवासी सड़क हादसों का शिकार हो रहे हैं, लेकिन सरकार की संवेदनहीनता पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा। उन्होंने दावा किया कि रोजाना 40 से 60 हाईवा के जरिए अवैध लौह अयस्क का परिवहन हो रहा है, जो प्रशासन की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खुद को मुख्यमंत्री का रिश्तेदार बताने वाले संतोष किस्कु द्वारा प्रतिदिन चाईबासा के उपायुक्त को गाड़ियों की जानकारी दी जाती है, जिससे यह अवैध कारोबार निर्बाध रूप से चलता रहे। मरांडी ने संतोष डेबरा, मुन्ना खान और सनी सिंह समेत कई नामों का उल्लेख करते हुए इस नेटवर्क के राजनीतिक संरक्षण पर सवाल उठाए।

मरांडी के अनुसार, विधानसभा सत्र के दौरान दिखावे के लिए अवैध परिवहन रोक दिया जाता है, ताकि सदन में सवाल न उठे। उन्होंने इसे कानून व्यवस्था नहीं बल्कि “मैनेजमेंट” करार दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्ट अधिकारियों की फौज खड़ी कर दी गई है, जो सत्ता के इशारे पर कानून को कुचल रही है। खनिज संपदा की खुलेआम लूट हो रही है और डीएमएफटी फंड तक सुरक्षित नहीं है।

मरांडी ने यह भी कहा कि अवैध परिवहन के कारण आए दिन हाईवा वाहनों से कुचलकर आदिवासियों की जान जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो इसे सरकार की मौन सहमति और संरक्षण माना जाएगा।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story