पद्मा एकादशी पर बाबा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
पद्मा एकादशी पर बाबा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


देवघर, 22 सितंबर (हि.स.)। पद्मा एकादशी और भादो एकादशी के अवसर पर मंगलवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

तड़के सुबह से ही श्रद्धालु बाबा मंदिर परिसर में जुटने लगे। फुट ओवरब्रिज भी श्रद्धालुओं की लंबी कतार से अटा रहा। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विधि-व्यवस्था के सुचारू को लेकर मंदिर प्रभारी सहित पुलिस पदाधिकारी और जवान सुबह से ही अपनी ड्यूटी स्थल पर तैनात रहे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखी गई। इस दौरान निकास द्वार की ओर से कुछ लोगों के गर्भगृह में प्रवेश करने को लेकर सुरक्षाकर्मियों और श्रद्धालुओं के बीच रुक-रुक कर बहस की स्थिति भी बनी।

एकादशी के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर के साथ लक्ष्मीनारायण मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। भगवान श्रीहरि विष्णु की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु विशेष रूप से मंदिर पहुंचे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पद्मा एकादशी के दिन भगवान विष्णु की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है।

इस संबंध में मंदिर के तीर्थ पुरोहित अजय परिहस्त ने बताया कि मंगलवार को करम एकादशी के साथ भादो एकादशी भी है। उन्होंने बताया कि धार्मिक ग्रंथों के अनुसार इस पावन अवसर पर कुश और राढ़ी घास से भगवान श्रीहरि विष्णु के नारायण स्वरूप की प्रतिमा बनाकर पूजा करने की परंपरा है। साथ ही शिव-पार्वती की आराधना भी की जाती है। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से भगवान श्रीहरि और महादेव की पूजा-अर्चना करने से श्रद्धालुओं को विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story