पूर्णिमा पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
देवघर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। बाबा बैद्यनाथ मंदिर में सोमवार को पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तड़के सुबह से ही बाबा के दर्शन और जलार्पण के लिए भक्त कतारबद्ध होने लगे। भीड़ का आलम यह था कि कूपन कटाकर जल्द पूजा करने की उम्मीद लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं को भी तीन से चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा। श्रद्धालुओं की लंबी कतार पेड़ा गली और बड़ा बाजार होते हुए आजाद चौक तक पहुंच गई थी।
लंबे इंतजार के कारण महिला, बुजुर्ग और बच्चों सहित कई श्रद्धालु थककर सड़क पर ही बैठने को विवश हो गए। बिहार के मोकामा, आरा और सिवान से पहुंचे कुछ श्रद्धालुओं ने व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पैसे देकर कूपन लेने के बावजूद उन्हें घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है। एक ओर हाथ में बाबा को अर्पित करने के लिए जल है, तो दूसरी ओर थकान के कारण खड़े रहना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में चाहकर भी वे कतार छोड़कर वापस नहीं लौट सकते।
श्रद्धालुओं का कहना था कि मंदिर में दर्शन-पूजन की व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सामान्य दिनों में ऐसी स्थिति है, तो विशेष अवसरों पर भीड़ को संभालना कितना मुश्किल होगा।
इधर, बाबा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा रहा। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात थे, लेकिन श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ के कारण मौजूदा व्यवस्था नाकाफी नजर आई। फुट ओवरब्रिज पर भी भक्तों की भारी भीड़ जमा थी। लंबी कतार और इंतजार के कारण श्रद्धालुओं में बेचैनी देखी गई।
मौके पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने भी दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने, कतारों के बेहतर प्रबंधन और महिला, बुजुर्ग एवं बच्चों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना था कि बाबा बैद्यनाथ धाम देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को अनावश्यक परेशानी से बचाना जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

