निर्जला एकादशी पर बाबा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
निर्जला एकादशी पर बाबा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


देवघर, 25 जून (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर गुरुवार को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

तडके सुबह सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और पूजन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। वहीं शीघ्र दर्शनम कूपन काउंटर पर भी भक्तों की लंबी लाइन लगी रही। मंदिर प्रशासन एवं पुलिस बल ने श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए व्यापक व्यवस्था की थी।

भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने में मंदिर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हालांकि, निकास द्वार के समीप कुछ श्रद्धालु पीछे के रास्ते से प्रवेश करने का प्रयास करते भी देखे गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हुई।

वहीं पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। मंदिर परिसर स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में भी श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ रही। भक्तों ने भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

निर्जला एकादशी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मंदिर के तीर्थ पुरोहित प्रवीण ठाकुर ने बताया कि निर्जला एकादशी को सभी एकादशियों में सर्वश्रेष्ठ और अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस एक व्रत के पालन से वर्षभर की सभी एकादशियों के व्रत के बराबर फल प्राप्त होता है। इस दिन श्रद्धालु बिना जल ग्रहण किए भगवान विष्णु की विधिवत पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसा करने से पुण्य की प्राप्ति होती है और मोक्ष के मार्ग प्रशस्त होते हैं। निर्जला एकादशी के अवसर पर बाबा नगरी देवघर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में सराबोर रही और मंदिर परिसर बोल बम और भगवान के जयघोष से गूंजता रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story