बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रशासन ने चलाया वृहद विशेष सफाई अभियान

WhatsApp Channel Join Now
बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रशासन ने चलाया वृहद विशेष सफाई अभियान


देवघर, 19 मई (हि.स.)। देवघर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार अहले सुबह से बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रशासन की ओर से एक वृहद विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

यह अभियान उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देश पर आयोजित किया गया। अभियान के तहत मंदिर परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों, शिवगंगा, मानसिंघी तालाब, नेहरू पार्क तथा जलसार और उसके आसपास के इलाकों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई। इस पुनीत कार्य में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू उठाकर और कचरा एकत्र कर श्रमदान किया।

उपायुक्त की अपील पर स्थानीय नागरिकों, तीर्थ पुरोहितों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने देवघर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने का संकल्प दोहराया तथा इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने की शपथ ली। अभियान में पंडा धर्मरक्षिणी सभा, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, इनर व्हील क्लब, लोक प्रेरणा समाधान तथा संथाल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ सहित कई स्वयंसेवी संस्थाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने अभियान में शामिल सभी नागरिकों, अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों, व्यापारियों, धार्मिक प्रतिनिधियों और युवाओं का एक साथ आकर श्रमदान करना एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। जिला प्रशासन भविष्य में भी देवघर को स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर बनाए रखने के लिए ऐसे सामूहिक अभियानों को निरंतर जारी रखेगा।अभियान में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story