अजीम प्रेमजी विश्वजविद्यालय का तीसरा कैंपस रांची में होगा शुरू

WhatsApp Channel Join Now
अजीम प्रेमजी विश्वजविद्यालय का तीसरा कैंपस रांची में होगा शुरू


रांची, 16 जनवरी (हि.स.)। अजीम प्रेमजी विश्व विद्यालय ने रांची में अपने तीसरे कैंपस की शुरुआत की घोषणा शुक्रवार को की। विश्ववविद्यालय का उद्देश्य झारखंड और देश के पूर्वी हिस्से में गुणवत्तापूर्ण, समाज से जुड़ी और क्षेत्रीय ज़रूरतों के अनुरूप उच्च शिक्षा को मज़बूती देना है। अज़ीम प्रेमजी फ़ाउंडेशन की इस पहल के तहत विश्वविद्यालय का नया कैंपस शिक्षा, विकास अध्ययन, सार्वजनिक स्वास्थ्य और प्रशासन के क्षेत्रों में अकादमिक और ज़मीनी अनुभव को जोड़ने पर केंद्रित होगा।

यह जानकारी विश्ववविद्यालय प्रबंधन की ओर से शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी गई।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि रांची के इटकी क्षेत्र में 150 एकड़ में विकसित हो रहे इस कैंपस में आधुनिक कक्षा, प्रयोगशाला, खेल सुविधाएं, छात्रावास और फैकल्टी आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही भविष्य में अस्पताल और मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की भी योजना है।

विश्वविद्यालय के नामित कुलपति ज़ुल्फ़िकार हैदर के अनुसार, रांची कैंपस झारखंड की सामाजिक और विकासात्मक जरूरतों, आदिवासी और अन्य समुदायों की ज्ञान परंपरा और क्षेत्रीय संदर्भों से गहराई से जुड़कर काम करेगा।

कैंपस में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट और सतत शिक्षा कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इनमें शिक्षा, विकास अध्ययन, अर्थशास्त्र, सार्वजनिक स्वास्थ्य, जलवायु परिवर्तन और सस्टेनेबिलिटी जैसे विषय शामिल होंगे। इसी शैक्षणिक सत्र में एमए एप्लाइड इकोनॉमिक्स और एमए डेवलपमेंट की शुरुआत के साथ लोकल डेवलपमेंट, प्रारंभिक बाल शिक्षा और शैक्षणिक मूल्यांकन में पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा और सार्वजनिक स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े अल्पकालिक सर्टिफिकेट कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, रांची कैंपस क्षेत्र में ज्ञान सृजन, कौशल विकास और सामाजिक हितों से जुड़े शोध को बढ़ावा देकर झारखंड और पूर्वी भारत के मानव विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story