विश्व स्तनपान सप्ताह पर सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रामगढ़, 06 अगस्त (हि.स.)। विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत इनरव्हील क्लब ऑफ रामगढ़ के तत्वावधान में गुरुवार को सदर अस्पताल में स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवजात शिशुओं और माताओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं माताओं को सही जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने उपस्थित गर्भवती एवं धात्री माताओं को जन्म के प्रथम घंटे में स्तनपान शुरू करने, पहले छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने और दो वर्ष या उससे अधिक समय तक पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने के लाभों की जानकारी दी। साथ ही स्तनपान से जुड़े विभिन्न भ्रमों का भी वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर निराकरण किया गया। वही, विशेषज्ञों ने बताया कि विश्व स्तनपान सप्ताह प्रत्येक वर्ष 1 से 7 अगस्त तक मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य माताओं और शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्तनपान को बढ़ावा देना है।
मौके पर इनरव्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की पदाधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु हैं। स्तनपान शिशु को संपूर्ण पोषण प्रदान करने के साथ उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है, वहीं यह माताओं के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है।
कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष श्वेता जैन, सचिव नवलजीत कौर, शर्मिष्ठा दत्ता, नीरू साहनी, रंजू अरोड़ा, जसमीत सोनी, हरमीत कौर सहित क्लब की अन्य सदस्य उपस्थित थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

