एसआईआर को लेकर बाजला महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर को लेकर बाजला महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


देवघर, 18 अगस्त (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान को लेकर रमा देवी बाजला महिला महाविद्यालय, देवघर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता उप निर्वाचन पदाधिकारी देवघर सागरी बराल ने की।

कार्यक्रम में हेल्प डेस्क मैनेजर अक्षय कुमार पाठक, हिमांशु शेखर, प्रभात कुमार और प्रमोद कुमार यादव मौजूद रहे। इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल ने छात्राओं को मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के उपयोग, दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया और मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और नाम विलोपन से संबंधित आवश्यक जानकारी छात्राओं को दी। साथ ही छात्राओं को ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड करवाकर इसके उपयोग और उपलब्ध ऑनलाइन निर्वाचन सेवाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के उद्देश्य और प्रक्रिया को उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया।

इस अवसर पर निर्वाचन साक्षरता क्लब और युवा मतदाता से जुड़े नोडल पदाधिकारी डॉ प्रकाश चंद्र दास ने कहा कि जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन एवं पारदर्शी बनाना तथा पात्र नागरिकों को उनके मतदान के अधिकार से जोड़ना है। विशेष रूप से नए युवा मतदाताओं का मतदाता सूची में पंजीकरण कर उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागी बनाना इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने के साथ युवाओं में निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ सुचिता कुमारी, डॉ रेखा कुमारी गुप्ता, डॉ किसलय सिन्हा, ममता कुजर, सबा परवीन, जेनीस इरी तिग्‍गा एवं डॉ बिपिन कुमार सहित महाविद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story