अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस पर राधा गोविंद विवि में जागरूकता कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस पर राधा गोविंद विवि में जागरूकता कार्यक्रम


रामगढ़, 03 जुलाई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राधा गोविंद विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग ने पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से व्याख्यान, शपथ ग्रहण और जागरूकता रैली का आयोजन किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर प्लास्टिक-मुक्त परिसर और स्वच्छ पर्यावरण का संकल्प लिया।

व्याख्यान सत्र में डॉ पूजा कुमारी जायसवाल, डॉ विजय कुमार पाण्डेय और डॉ धीरज कुशवाहा ने प्लास्टिक बैग के बढ़ते दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि एकल-उपयोग प्लास्टिक न केवल पर्यावरण बल्कि मानव स्वास्थ्य और जैव विविधता के लिए भी गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों से कपड़े एवं जूट के थैलों को अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बीएन साह ने कहा कि प्लास्टिक-मुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं बल्कि जनभागीदारी से संभव है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि अपने दैनिक जीवन में कपड़े या जूट के थैले का उपयोग शुरू कर दे तो प्लास्टिक प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्लास्टिक बैग का उपयोग बंद करने का संकल्प ले, तो स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य का निर्माण संभव है।

कुलपति प्रो रश्मि ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एकल-उपयोग प्लास्टिक से दूरी बनाकर और पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाकर ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण दिया जा सकता है।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों और विद्यार्थियों ने प्लास्टिक बैग का उपयोग नहीं करने एवं स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।

शपथ ग्रहण के बाद विश्वविद्यालय परिसर में जागरूकता रैली निकाली गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story