राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर जागरूकता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर जागरूकता अभियान


देवघर, 16 मई (हि.स.)। देवघर में राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शनिवार को व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग, झारखंड के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार के मार्गदर्शन एवं जिला वीबीडी पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार यादव की अध्यक्षता में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।

अभियान की शुरुआत पुराना सदर अस्पताल परिसर से हुई, जहां डॉ. अभय कुमार यादव और जिला वीबीडी सलाहकार डॉ. गणेश कुमार यादव ने लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी। इसके बाद जन-जागरूकता रैली और प्रचार रथ को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली पुराना सदर अस्पताल से निकलकर आर मित्रा प्लस टू स्कूल, थाना रोड, बिग बाजार, बैद्यनाथधाम रेलवे स्टेशन, दीनबंधु स्कूल चौक, राय एंड कंपनी मोड़ और टावर चौक होते हुए पुनः पुराना सदर अस्पताल पहुंचकर संपन्न हुई।

इस दौरान एएनएमटी स्कूल की छात्राएं, शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। एमपीडब्ल्यू राकेश कुमार, एनयूएचएम के सपोर्ट स्टाफ अमरेन्द्र कुमार तथा लैब टेक्नीशियन बुद्धिनाथ झा सहित कई स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। रैली के दौरान डेंगू से बचाव और स्वच्छता बनाए रखने के संदेश वाले नारे लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि वर्षा ऋतु में डेंगू का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देना सबसे महत्वपूर्ण उपाय है।

कूलर, फूलदान, पशु-पक्षियों के बर्तन, पुराने टायर, नारियल के खोल, डिस्पोजल कप और कबाड़ की नियमित सफाई करने तथा पानी की टंकियों को ढककर रखने की सलाह दी गई है। मच्छरों से बचाव के लिए खिड़कियों पर जाली लगाने, मच्छरदानी उपयोग करने और पूरे बाजू के कपड़े पहनने की अपील की गई। डेंगू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द और शरीर में दर्द शामिल हैं।

ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी चिकित्सक या स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राज्य हेल्पलाइन नंबर 108 और 104 उपलब्ध हैं। वहीं आयुष्मान भारत योजना से संबंधित जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1800-345-6540 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और डेंगू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग करें। थोड़ी सी सावधानी अपनाकर इस गंभीर बीमारी से बचा जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story