अवैध अफीम पोस्ता की खेती के विरुद्ध चला जागरूकता अभियान
खूंटी, 23 दिसंबर (हि.स.)। मारंगहादा थाना अंतर्गत ग्राम हकाडूबा में अवैध अफीम पोस्ता की खेती के विरुद्ध मंगलवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्योति कुमारी और मरांगहादा थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल के नेतृत्व में संचालित इस अभियान में ग्रामीणों को अफीम की अवैध खेती से होने वाले दुष्परिणाम और इससे जुड़ी कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि अफीम की खेती न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को वैकल्पिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें गेंहूं, चना और विभिन्न प्रकार की सब्जियों की खेती के लाभ बताया गया और कहा गया कि लाभकारी फसल अपनाकर वे अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं एवं कानून के दायरे में रहकर सुरक्षित जीवन जी सकते हैं।
इसी क्रम में ग्राम चिंचल, टोटोदाग और केंदुवा सोकरा में भी आमजनों को अफीम पोस्ता की खेती के विरुद्ध जागरूक किया गया। प्रशासन की टीम की ओर से गांव और आसपास के जंगली क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाकर संभावित अफीम की खेती की खोजबीन की गई। ड्रोन सर्वेक्षण के दौरान संदिग्ध क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया ताकि अवैध खेती पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
गत वर्ष जिन जमीनों पर अफीम की खेती के आरोप में जीआर दर्ज किया गया था, उनकी भी जांच की गई। जांच में पाया गया कि संबंधित जमीनों पर वर्तमान में आलू और शकरकंद की खेती की जा रही है, जो कि एक सकारात्मक बदलाव का संकेत है। प्रशासन ने इसे जागरूकता अभियान की सफलता बताते हुए ग्रामीणों से भविष्य में भी अवैध गतिविधियों से दूर रहकर वैकल्पिक खेती अपनाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

