मादक पदार्थों की अवैध तस्करी रोकने के लिए जागरूकता अभियान शुरू
रामगढ़, 11 जून (हि.स.)। जिले में निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। गुरुवार को डीसी ऋतुराज ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया। यह कार्यक्रम जिला समाज कल्याण विभाग और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डीसी ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई। वहीं जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंड, पंचायत और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों और उनकी रोकथाम के प्रति जागरूक करेगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिला और प्रखंड स्तर पर उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की ओर से मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए शपथ लिया गया। साथ ही हस्ताक्षर अभियान में भी सबों ने भाग लिया। अभियान के दौरान जिले के सभी पंचायतों और ग्राम स्तर पर रैलियां, समूह बैठकें, ग्राम सभाएं, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, जनसंवाद और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों एवं उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग और जेएसएलपीएस के संयुक्त प्रयास से संचालित यह अभियान जिले में नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर सभी संबंधित विभागों, सामुदायिक संगठनों और आम नागरिकों ने नशामुक्त रामगढ़ के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम मे डीडीसी आशीष अग्रवाल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलको, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस रीता सिंह, जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी और प्रखंड स्तरीय कर्मी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

