‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ के संकल्प के साथ निकली जागरूकता यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ के संकल्प के साथ निकली जागरूकता यात्रा


रामगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ शहर में बुधवार को समाज कल्याण विभाग की ओर से नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ के संदेश के साथ मशाल सह जागरूकता यात्रा निकाली गई। यात्रा में लगभग 400 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

जागरूकता यात्रा का शुभारंभ सिदो-कान्हू मैदान से हुआ। यहां से यात्रा चट्टी बाजार और लोहार टोला होते हुए सुभाष चौक पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया और नशे से दूर रहने की अपील की। यात्रा के माध्यम से युवाओं को विशेष रूप से नशे की लत से बचने तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्कूली बच्चे, आवासीय संस्थाओं के बच्चे और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। सुभाष चौक पर यात्रा के समापन के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।

मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलको, अभियान संस्था के झारखंड कोऑर्डिनेटर आकाश शर्मा, मेरा युवा भारत मिशन के नितेश कुमार मोदी, मनोज कुमार राय, अंबिका रानी, समाजसेवी कमल बगड़िया, छावनी परिषद के नामित सदस्य अनमोल सिंह तथा रामगढ़ थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक गजेंद्र पांडे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783254 Articles

Share this story