सभी बूथों पर बीएलओ-बीएलए-2 की पांचवीं बैठक 4 नवंबर को, एसआईआर का होगा ऑडिट
रांची, 03 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के सभी मतदान केंद्रों पर चार नवंबर को पांचवीं बीएलओ-2 बैठक और चुनाव पाठशाला आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि यह बैठक एसआईआर प्रक्रिया का सतत ऑडिट करने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने का माध्यम है।
इसमें राजनीतिक दलों के बीएलए -2 और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में मुख्य रूप से उन मतदाताओं के मामलों पर चर्चा होगी, जिन्होंने बीएलओ की ओर से दो बार नोटिस दिए जाने और घर जाकर सत्यापन करने के बावजूद सुनवाई की औपचारिकताएं पूरी नहीं की हैं।
ऐसे प्रत्येक मामले में सुनवाई पूरी नहीं होने का कारण दर्ज किया जाएगा। इसमें अनुपस्थित या अप्राप्य मतदाता, स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर चले गए लोग, गणना प्रपत्र जमा करने के बाद मृत्यु के मामले और एक से अधिक गणना प्रपत्र जमा करने वाले मतदाता शामिल हैं।
इसके अलावा नोटिस का जवाब देने से इनकार करने वाले, अस्वस्थता के कारण सुनवाई में शामिल नहीं हो पाने वाले और विदेशी नागरिकों से जुड़े मामलों पर भी चर्चा होगी। निर्वाचन पदाधिकारियों को ऐसे सभी मामलों का विवरण बैठक की कार्यवाही में दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। पात्रता और नागरिकता से जुड़े मामलों में संविधान और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों का पालन किया जाएगा।
बैठक का दूसरा प्रमुख उद्देश्य प्रारूप मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं होने वाले पात्र नागरिकों की पहचान करना है। इसमें उन लोगों को भी शामिल किया जाएगा, जिन्होंने 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन अब तक फॉर्म-6 जमा नहीं किया है।
इसके लिए राज्यभर में होम-टू-रोल सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। बीएलओ और ईआरओ / एईआरओ पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरने तथा जरूरी दस्तावेज जुटाने में सहायता करेंगे। बैठक में ऐसे नागरिकों की सूची तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को सौंपी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

