एसआईआर के जरिए मतदाताओं के नाम हटाने की हाे रही कोशिश : विनोद

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर के जरिए मतदाताओं के नाम हटाने की हाे रही कोशिश : विनोद


पाकुड, 12 जून (हि.स.)।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से शुक्रवार को रविंद्र भवन, पाकुड़ में जिला स्तरीय एक दिवसीय विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यशाला सह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इसके माध्यम से योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झामुमो लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करेगा और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान अधिकार की रक्षा सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन करने और छूटे हुए नाम जोड़ने और हटाए गए नामों को पुनः शामिल कराने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मौके पर झामुमो के केन्द्रीय सचिव पंकज मिश्रा ने बीएलए-2 और कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण, बूथ प्रबंधन, सदस्यता अभियान और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। सांसद विजय हांसदा ने बूथ स्तर के पदाधिकारियों को संगठन की असली ताकत बताते हुए योग्य मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने में सहयोग करने को कहा।

वहीं विधायक हेमलाल मुर्मू ने एसआईआर की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ पर मतदाताओं की मैपिंग और सत्यापन में सक्रिय रहने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय, केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, राजमहल सांसद विजय हांसदा और लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और बीएलए-2 मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story