महिला से चेन छिनतई का प्रयास विफल, एक आरोपित को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

WhatsApp Channel Join Now
महिला से चेन छिनतई का प्रयास विफल, एक आरोपित को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा


रांची, 23 जून (हि.स.)। राजधानी रांची के कांके रोड स्थित पुलिस लाइन के समीप मंगलवार को एक महिला के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया गया। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण अपराधी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। घटना के दौरान एक आरोपित को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, गोंदा थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन के पास एक महिला डॉक्टर के क्लीनिक की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए उनके गले से सोने की चेन झपटने का प्रयास किया। अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गईं और शोर मचाने लगीं।

महिला की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और दोनों आरोपितों का पीछा करना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों को अपने पीछे आता देख अपराधी घबरा गए और छीनी गई चेन को सड़क पर ही फेंककर भागने लगे।

इस दौरान लोगों ने एक आरोपित को खदेड़कर पकड़ लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपित को बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

रांची के सदर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संजीव बेसरा ने बताया कि पुलिस लाइन के पास एक महिला से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया गया था। घटना में शामिल दो आरोपितों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि महिला की सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है ताकि उसके आपराधिक नेटवर्क और घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story