लोजपा विधायक के बेटे के अपहरण की सूचना से रांची में हड़कंप, पुलिस ने सकुशल बरामद किया

WhatsApp Channel Join Now
लोजपा विधायक के बेटे के अपहरण की सूचना से रांची में हड़कंप, पुलिस ने सकुशल बरामद किया


लोजपा विधायक के बेटे के अपहरण की सूचना से रांची में हड़कंप, पुलिस ने सकुशल बरामद किया


-एमिटी यूनिवर्सिटी गेट के पास मारपीट कर जबरन वाहन में बैठाने का आरोप

रांची, 07 सितंबर (हि.स.)। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के चतरा से विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ पासवान के कथित अपहरण की सूचना से सोमवार को रांची में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही विधायक ने स्वयं रांची पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न बाहरी मार्गों पर नाकेबंदी कर एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद विधायक के बेटे को नयासराय के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, सौरभ पासवान रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्र हैं। आरोप है कि सोमवार को यूनिवर्सिटी कैंपस के गेट के पास कई लोग काले रंग की स्कॉर्पियो सहित अन्य वाहनों से पहुंचे। वहां उन्होंने सौरभ के साथ मारपीट की और कथित तौर पर जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक जनार्दन पासवान ने तत्काल रांची पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर के विभिन्न मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। साथ ही यूनिवर्सिटी के आसपास और घटनास्थल के निकट लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, ताकि संदिग्ध वाहनों और उसमें सवार लोगों की पहचान की जा सके।

विधायक जनार्दन पासवान ने बताया कि सोमवार को तीन-चार वाहनों से कुछ लोग पहुंचे थे। उन्होंने उनके बेटे के साथ मारपीट की और कथित तौर पर उसे जबरन अपने साथ ले गए। विधायक के अनुसार, घटना के बाद उनके बेटे की गाड़ी कॉलेज गेट के बाहर खड़ी मिली।

रांची के नगर पुलिस उपाधीक्षक (सिटी डीएसपी) केवी रमण ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के सामने कुछ व्यक्ति काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे और चतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ के साथ मारपीट करते हुए उसे जबरन वाहन में बैठाकर ले गए हैं।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही रांची पुलिस ने शहर को सील करते हुए विभिन्न स्थानों पर सघन एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की। स्थानीय विधानसभा थाना की पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए विधायक के बेटे सौरभ को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस संदिग्ध वाहनों और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। सौरभ को किन लोगों ने और किस वजह से अपने साथ ले जाने की कोशिश की, इसका स्पष्ट खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story