राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय पर हमला चिंताजनक : सुदेश

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय पर हमला चिंताजनक : सुदेश


रांची, 17 जून (हि.स.)। राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले की घटना पर ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू पार्टी) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने इसे अत्यंत निंदनीय, चिंताजनक और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार बताया है।

उन्होंने बुधवार को जारी बयान में कहा कि यह घटना झारखंड में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते मनोबल की गंभीर तस्वीर पेश करती है। उनके अनुसार, जब वैचारिक और सामाजिक संस्थान भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।

सुदेश महतो ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों, माफिया और अराजक तत्वों का मनोबल बढ़ा हुआ है, जबकि सरकार जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं दिखती। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता सुरक्षा नहीं बल्कि अपनी विफलताओं को छिपाना बन गई है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि इस मामले की त्वरित, निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर पूरी साजिश का खुलासा किया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

इसी मुद्दे पर आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने भी हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और माफिया व अराजक तत्वों का प्रभाव बढ़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन बालू और कोयला जैसे मामलों में व्यस्त है, जबकि आम जनता की सुरक्षा पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने भी घटना की उच्चस्तरीय जांच और साजिश के खुलासे की मांग की है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story