दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए लगा आकलन शिविर, 134 आवेदन प्राप्त

WhatsApp Channel Join Now
दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए लगा आकलन शिविर, 134 आवेदन प्राप्त


रामगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। राज्य सरकार के निर्देश और जिला प्रशासन रामगढ़ की पहल पर दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को चितरपुर प्रखंड कार्यालय के सभागार में आकलन शिविर का आयोजन किया गया। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम की ओर से पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड के सहयोग से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया।

शिविर में कुल 134 आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान राष्ट्रीय वयोश्री योजना और एडिप योजना के तहत लाभ लेने के इच्छुक लोगों की पात्रता और आवश्यकताओं का आकलन किया गया। साथ ही लाभार्थियों को योजनाओं के प्रावधानों एवं जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी गई।

राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को उनकी जरूरत के अनुसार निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, एडिप योजना के अंतर्गत 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र व्यक्तियों को आवश्यक सहायक उपकरण देने के लिए आकलन किया गया।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों से निर्धारित तिथि पर अपने प्रखंड में आयोजित होने वाले शिविरों में जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचकर योजना का लाभ उठाने की अपील की है। साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से इस पहल की जानकारी जरूरतमंदों तक पहुंचाने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772568 Articles

Share this story