सादगी से मनेगा झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस
रांची, 18 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस समारोह 22 नवंबर 2026 को सादगीपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने इस वर्ष समारोह को सादगी से मनाने का निर्देश दिया है।
इसके तहत इस बार शाम का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा, जबकि सुबह होने वाला सम्मान समारोह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा। विधानसभा की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि विधायी उत्कृष्टता पुरस्कार के लिए चयन समिति का गठन कर दिया गया है। समिति की बैठक 20 नवंबर 2026 की दोपहर 12.30 बजे विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो की अध्यक्षता में उनके रांची के कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में होगी।
इस वर्ष स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक आयोजन नहीं होने से समारोह मुख्य रूप से सम्मान और विधायी उपलब्धियों पर केंद्रित रहेगा। बैठक में वर्ष 2026 के लिए षष्ठम झारखंड विधानसभा के एक विधायक का चयन भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार के लिए किया जाएगा। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा कर्मियों का चयन कर उन्हें स्वर्गीय कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
समिति में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक स्टीफन मरांडी, रामचंद्र सिंह और सुरेश पासवान सदस्य बनाए गए हैं। वहीं विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार सदस्य सचिव होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

