विधानसभा सचिवालय के प्रशाखा पदाधिकारी जय प्रकाश पिंगुवा का निधन

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा सचिवालय के प्रशाखा पदाधिकारी जय प्रकाश पिंगुवा का निधन


रांची, 10 जुलाई (हि.स.)।

झारखंड विधानसभा सचिवालय में प्रशाखा पदाधिकारी के पद पर कार्यरत जय प्रकाश पिंगुवा का शुक्रवार अपराह्न करीब चार बजे इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से विधानसभा सचिवालय में शोक की लहर दौड़ गई। दिवंगत जय प्रकाश पिंगुवा को श्रद्धांजलि देने के लिए विधानसभा सचिवालय में शाम पांच बजे शोकसभा आयोजित की गई। शोकसभा में प्रभारी सचिव रंजीत कुमार ने शोक संदेश पढ़कर दिवंगत अधिकारी के योगदान को याद किया। इसके बाद सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने भी जय प्रकाश पिंगुवा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके निधन से विधानसभा सचिवालय ने एक कर्तव्यनिष्ठ, कर्मठ और समर्पित अधिकारी को खो दिया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि जय प्रकाश पिंगुवा अपने सौम्य व्यवहार, कार्यनिष्ठा और जिम्मेदार कार्यशैली के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उनके निधन से सचिवालय परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story