सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम ने दो असहायों को दिया गया आश्रय
रांची, 01 अक्टूबर (हि.स.)। प्रणामी ट्रस्ट, रांची के अंतर्गत संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम ने मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों को रेस्क्यू किया गया। इसके साथ ही आश्रम में रह रहे निराश्रितों की संख्या बढ़कर 45 हो गई है।
यह जानकारी आश्रम के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल और प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने गुरूवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति रांची रेलवे स्टेशन के समीप और दूसरा नगड़ी के ललगुटुवा क्षेत्र में लावारिस अवस्था में भटक रहा है। दोनों की स्थिति दयनीय थी। सूचना मिलते ही सेवा साथी मुकुंद यादव, परमेश्वर प्रमाणिक और सूरज प्रमाणिक ने दोनों को रेस्क्यू किया। इसके बाद अस्पताल में चिकित्सकीय जांच कराने के बाद उन्हें आश्रम लाया गया।
दोनों व्यक्ति अपना नाम, पता या परिवार के संबंध में जानकारी देने में असमर्थ हैं और उनकी याददाश्त भी प्रभावित है। आश्रम प्रबंधन ने उनकी पहचान के लिए एक का नाम बंसीलाल और दूसरे का नाम बंशीधर रखा है।
संजय सर्राफ ने बताया कि दो दिन पूर्व भी एक निराश्रित को आश्रम में लाया गया था। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना समाज का नैतिक दायित्व है और संस्था इसी भावना के साथ निरंतर मानव सेवा में जुटी है।
उन्होंने बताया कि सदानंद जी महाराज के मार्गदर्शन और सहयोग से संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम, पुंदाग में जनवरी 2024 से मंदबुद्धि, दिव्यांग, मानसिक रूप से अस्वस्थ और निराश्रित लोगों की निःशुल्क सेवा की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

