पूजा पंडालों के पट खुलते ही मां दुर्गा के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
पूजा पंडालों के पट खुलते ही मां दुर्गा के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


पूजा पंडालों के पट खुलते ही मां दुर्गा के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


पूजा पंडालों के पट खुलते ही मां दुर्गा के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


रामगढ़, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मां दुर्गा की आराधना, भव्य पंडालों की छटा और रंग-बिरंगी रोशनी के बीच रामगढ़ में दुर्गा पूजा का उत्साह के बीच शनिवार को महासप्तमी पूजा के साथ पंडालों का पट खुल गए। विभिन्न पूजा पंडालों के पट खुलते ही मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से लेकर मुहल्लों तक उत्सव का रंग चढ़ गया है। कहीं भव्य पंडाल लोगों को आकर्षित कर रहे हैं, तो कहीं आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों की सजावट भक्तों का मन मोह रही है।

शहर के मेन रोड, थाना चौक, बिजुलिया, चट्टी बाजार, मिलोनी क्लब, पतरातू बस्ती, नईसराय अस्पताल कॉलोनी, इफिको, रांची रोड स्टेशन, रांची रोड बाजार, विकासनगर और अरगड्डा में आकर्षक दुर्गा पूजा पंडाल बनाए गए हैं। इन पंडालों को आकर्षक विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। शाम होते ही रोशनी से नहाए पूजा स्थल श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन रहे हैं।

महासप्तमी पर पूजा पंडालों और मंदिरों में माता रानी के सप्तम स्वरूप मां कालरात्रि की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। भक्तों ने माता को विशेष भोग अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा और हवन के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए महिलाओं, युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। इस दौरान माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।

दुर्गा पूजा को लेकर शहर में उत्सवी माहौल है। पंडालों की भव्यता और साज-सज्जा देखने के लिए लोग परिवार के साथ पहुंच रहे हैं। मां दुर्गा के दर्शन के साथ श्रद्धालु पूजा स्थलों की आकर्षक सजावट का भी आनंद ले रहे हैं। विभिन्न इलाकों में पूजा की रौनक देखते ही बन रही है।

रामगढ़ में दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक उत्साह और सामूहिक भागीदारी का भी प्रतीक बन गई है। विभिन्न पूजा समितियों की तैयारियों से शहर का माहौल भक्तिमय हो उठा है। पंडालों में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही के बीच पूजा का उल्लास पूरे शहर में दिखाई दे रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762799 Articles

Share this story