जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में कलाकारों ने बिखेरी प्रतिभा

WhatsApp Channel Join Now
जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में कलाकारों ने बिखेरी प्रतिभा


जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में कलाकारों ने बिखेरी प्रतिभा


रामगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस-2026 पखवाड़ा के अवसर पर बुधवार को रामगढ़ जिले में जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड, रांची के निर्देशानुसार जिला प्रशासन रामगढ़ की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी कला और सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का आयोजन महर्षि ब्रह्मर्षि कॉलेज ऑफ एजुकेशन, कोठार में किया गया।

प्रतियोगिता में गायन एवं नृत्य की विभिन्न विधाओं के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिली। कलाकारों ने गजल, हिंदी गीत, नागपुरी गीत, भजन, सूफी गायन, झुमर, समूह नृत्य, लोक नृत्य, देशभक्ति गीत, लोकगीत, शास्त्रीय नृत्य और जनजातीय संगीत की प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए लोक परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों और क्षेत्रीय पहचान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

गायन प्रतियोगिता की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर रामदेव नाथ ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं धान्वी कौशल द्वितीय तथा नमन कुमार पाठक तृतीय स्थान पर रहे। विजेता प्रतिभागियों की घोषणा के साथ ही कलाकारों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

प्रतियोगिता की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले रामदेव नाथ आगामी 26 नवंबर को रांची स्थित कला मंदिर में आयोजित राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में रामगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस उपलब्धि से जिले की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की गई। जिला प्रशासन का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ जिले की सांस्कृतिक विरासत, लोककला और परंपराओं को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783254 Articles

Share this story