मुख्य न्यायाधीश के देवघर आगमन को लेकर न्यायालय में उच्चस्तरीय बैठक
देवघर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उच्चतम न्यायालय भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के आगामी देवघर दौरे को लेकर बुधवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य न्यायाधीश के आगमन और 2 नवंबर 2026 को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में न्यायिक अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा ने बताया कि मुख्य न्यायाधीश के देवघर आगमन के अवसर पर व्यवहार न्यायालय परिसर में राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया और तैयारियों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने मुख्य न्यायाधीश के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए तैयार किए गए रूट चार्ट और पुलिस बलों की तैनाती की रूपरेखा से अधिकारियों को अवगत कराया।
बैठक के बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा, उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर सहित अन्य अधिकारियों ने व्यवहार न्यायालय परिसर का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान दो नवंबर को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर के लिए पंडाल, मंच निर्माण, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया।
बैठक में जिले के न्यायाधीश, अपर समाहर्ता, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

