जमीन विवाद में हुई थी हत्या, पांच गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जमीन विवाद में हुई थी हत्या, पांच गिरफ्तार


रांची, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मांडर थाना क्षेत्र के टिको टोली गांव में रामू उरांव (५५) की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस हत्याकांड में पुलिस ने अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में हत्या की वजह जमीन विवाद सामने आई है। मृतक रामू उरांव और आरोपितों के बीच पिछले करीब 10 वर्षो से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपितों ने साजिश रचकर रामू उरांव को मौत के घाट उतारा दिया।

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने रविवार को बताया कि घटना 29 अक्टूबर 2026 की है। मांडर थाना क्षेत्र के टिको टोली गांव स्थित डेयरी के पास सेवाडीह निवासी रामू उरांव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही मांडर थाना प्रभारी, खलारी डीएसपी और आसपास के थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के बाद मांडर थाना में कांड संख्या 113/26 के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई। एसआईटी ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद छापेमारी कर तीन आरोपित राम जनम सिंह, तेज नारायण सिंह उर्फ तेजना सिंह और धुरवा सिंह उर्फ धुरू सिंह को गिरफ्तार किया गया। इन तीनों को 30 अक्टूबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

वहीं मामले में शामिल दो अन्य आरोपितों कुलदीप सिंह और राजेन्द्र सिंह उर्फ विपीन सिंह को पुलिस ने रविवार को ठाकुरगांव थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। इस तरह अब तक इस हत्याकांड में पांच आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि रामू उरांव के साथ उनका जमीन को लेकर 10 वर्षो से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर एक साजिश के तहत हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस अब इस मामले में शामिल शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

गिरफ्तार आरोपितों में राम जनम सिंह (50), तेज नारायण सिंह उर्फ तेजना सिंह (32), धुरवा सिंह उर्फ धुरू सिंह (27), कुलदीप सिंह ( 40) और राजेन्द्र सिंह उर्फ विपीन सिंह (29) शामिल हैं। सभी आरोपित रांची जिले के ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के अड़ा गांव के रहने वाले हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770775 Articles

Share this story