मां-बेटी की मौत मामले पर अस्पताल संचालक की हो गिरफ्तारी : सचिव

WhatsApp Channel Join Now
मां-बेटी की मौत मामले पर अस्पताल संचालक की हो गिरफ्तारी : सचिव


रांची, 07 मई (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को नेपाल हाउस में राज्य के सभी सिविल सर्जनों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं, नियुक्तियों और हाल की घटनाओं की समीक्षा की गई। सरायकेला में मां-बेटी की मौत, गोड्डा और रांची की घटनाओं पर अपर मुख्य सचिव ने सख्त रुख अपनाते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

सरायकेला में मां-बेटी की मौत के मामले पर वहां की सिविल सर्जन से जानकारी ली गई। सिविल सर्जन ने बताया कि मामले की जांच जारी है। गोड्डा की घटना पर संबंधित सिविल सर्जन ने बताया कि दोषी ममता वाहन चालक, मरीज को ले जाने वाले सहिया और संबंधित अस्पताल संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है और सहिया की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसपर अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि सभी आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मामले में सहिया और अस्पताल संचालक को गिरफ्तार करने का भी निर्देश दिया।

साथ ही उन्होंने हजारीबाग में बिना सामग्री आपूर्ति भुगतान के मामले में संबंधित सप्लायर को ब्लैकलिस्ट करने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री अस्पताल संचालन और रखरखाव योजना की समीक्षा करते हुए सभी सिविल सर्जनों को सीएचसी और पीएचसी स्तर तक निरीक्षण कर अस्पतालों की वास्तविक स्थिति की तस्वीरें अपलोड करने को कहा गया। आईसीयू, सीसीयू, इमरजेंसी और बेड की स्थिति की भी समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। एनएचएम अंतर्गत पारा मेडिकल स्टाफ और तकनीशियन की बहाली पर अपर मुख्य सचिव ने कहा कि दो माह के भीतर सभी रिक्त पद भरना सुनिश्चित किया जाए। बीड श्रेणी के डॉक्टरों की उपस्थिति पर भी सख्ती दिखाते हुए अनधिकृत अनुपस्थिति पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने 15वें वित्त आयोग और पीएम-अभिम योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि कई जिलों में लैब निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने पुराने लैब भवनों को मॉडिफाई कर शीघ्र कार्य शुरू करने का निर्देश दिया।

बैठक में संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला, डीआईसी डॉ सिद्धार्थ सान्याल, अपर सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज सहित अन्य अधिकारी पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story