छठ महापर्व को लेकर बदली रांची के घाटों की तस्वीर, 74 घाटों पर खास इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
छठ महापर्व को लेकर बदली रांची के घाटों की तस्वीर, 74 घाटों पर खास इंतजाम


रांची, 12 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां जोरों पर हैं। शहर के तालाबों और छठ घाटों की तस्वीर इस बार बदली-बदली नजर आ रही है।

कहीं घाटों की साफ-सफाई और रंग-रोगन किया जा रहा है, तो कहीं आकर्षक सजावट के जरिए उन्हें नया स्वरूप दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने इस बार विशेष तैयारी की है।

शहर के 74 छठ घाटों को चिह्नित कर वहां व्यापक स्तर पर साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

छठ के दौरान शहर के पारंपरिक तालाबों और घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में जलाशयों पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए नगर निगम ने कई स्थानों पर कृत्रिम तालाब भी तैयार कराए हैं।

इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को नजदीक में ही अर्घ्य देने की सुविधा उपलब्ध कराना और प्रमुख घाटों पर भीड़ का दबाव कम करना है।

वहीं, इस बार छठ घाट बनाने की परंपरा का विस्तार सार्वजनिक स्थलों से निकलकर निजी परिसरों तक भी पहुंच गया है।

शहर में बड़ी संख्या में लोग अपने घरों के आंगन और छतों पर ही छोटे-छोटे कृत्रिम जलाशय तैयार कर रहे हैं। इनमें पानी भरकर छठ पूजा करने की तैयारी की जा रही है। इससे उन परिवारों को भी सुविधा मिल रही है, जिन्हें किसी कारणवश सार्वजनिक घाटों तक पहुंचने में परेशानी होती है।

नगर निगम की ओर से घाटों पर साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। कोशिश है कि छठ के दौरान घाटों पर आने-जाने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो और पूरा आयोजन व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि इस वर्ष छठ व्रतियों को स्वच्छता और सुविधाओं के लिहाज से पहले से बेहतर घाट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

सभी चिह्नित घाटों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि छठ महापर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

खास बात यह है कि पहली बार इतने व्यापक स्तर पर घाटों को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने पर जोर दिया जा रहा है। तालाबों के आसपास जमा कचरे को हटाने के साथ घाटों की सफाई, रंग-रोगन और पहुंच पथ को दुरुस्त किया जा रहा है।

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि सभी छठ घाटों व्यापक स्तर पर साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776091 Articles

Share this story