अपना मार्ट और एमवीएम-एफपीओ के बीच हुआ एमओयू

WhatsApp Channel Join Now
अपना मार्ट और एमवीएम-एफपीओ के बीच हुआ एमओयू


रांची, 03 जून (हि.स.)। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की पहल पर राज्य के ग्रामीण उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की उपस्थिति में बुधवार को ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज विभागीय कार्यालय में अपना मार्ट और गुमला जिले की एमवीएम, बाघिमा पालकोट फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एफपीओ) के बीच आम्रपाली आम की खरीद को लेकर एक समझौता (एमओयू्) हुआ है। इसके तहत पहले चरण में अपना मार्ट ने एफपीओ से दो टन आम्रपाली आम की खरीद की है।

इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि जेएसएलपीएस की यह पहल ग्रामीण महिलाओं और किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाने की दिशा में सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि आम बागवानी से जुड़ी दीदियों के चेहरे पर जो मुस्कान आई है, उसे भविष्य में भी बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा। राज्य के अधिक से अधिक एफपीओ को बाजार से जोड़कर उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं की आजीविका सशक्त होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

जेएसएलपीएस के अनुसार बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत तैयार आम्रपाली आम अब रांची स्थित अपना मार्ट के सभी स्टोरों में उपलब्ध होंगे।

संस्था का उद्देश्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में आम बागवानी से जुड़े किसानों और महिला समूहों को उनकी उपज का उचित दाम दिलाना है, ताकि बिचौलियों पर निर्भरता कम हो और किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

एमवीएम बाघिमा पालकोट एफपीओ से जुड़ी भगवती देवी, करुणा देवी और कुमवारी बरवा ने इस पहल के लिए जेएसएलपीएस और विभागीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि अब तक उन्हें गांव के हाट-बाजार में कम कीमत पर आम बेचने पड़ते थे, लेकिन इस बार अपना मार्ट द्वारा बाजार मूल्य से लगभग दोगुनी दर पर आम की खरीद किए जाने से उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

कार्यक्रम में जेएसएलपीएस के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अनन्य मित्तल, मुख्य परिचालन पदाधिकारी विष्णु परिदा, विनोद पांडेय, तापस रंजन बेहरा, संजय दास, अपना मार्ट के स्टेट सीईओ मनोज पांडेय सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story