झारखंड इस्पात में झुलसे एक और मजदूर की मौत, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई तीन
मृतक के आश्रितों को मिलेंगे 21 लाख
रामगढ़, 07 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ़ थाना क्षेत्र के हेसला गांव स्थित झारखंड इस्पात प्लांट (जेएसपी)में फर्निश फटने से घायल हुए एक और मजदूर की मौत हो गई। इसके साथ ही इस हादसे में मरने वाले मजदूरों की संख्या तीन हो गई है। गंभीर रूप से घायल मजदूर बृजलाल बेदिया ने रांची के देवकमल अस्पताल में सोमवार की देर रात दम तोड़ दिया। इससे पहले अशोक बेदिया और अखिल राय का निधन इलाज के दौरान ही हो गया था। अभी भी चार और मजदूर जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
मुआवजे की रकम पर बनी सहमति, खत्म हुआ आंदोलन
सोमवार की देर रात मुआवजे की रकम और विभिन्न मांगो को लेकर वार्ता समाप्त हो गई। जिला प्रशासन, ग्रामीण और प्लांट प्रबंधन के लोगों ने 6 बिंदुओं पर सहमति जताई है। हादसे में मृतक के आश्रितों को मुआवजे के तौर पर 21 लाख रुपये दिए जाएंगे। सभी घायलों का समुचित एवं निःशुल्क इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। जब तक घायल मजदूर पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हो जाते हैं, उन्हें नियमित वेतन मिलता रहेगा।
इसके अलावा सभी मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी का लाभ दिया जाएगा। मजदूरों के लिए कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी)
की सुविधा लागू की जाएगी। साथ ही 3 महीने के अंदर प्लांट प्रबंधन प्रदूषण पर पूरी तरीके से नियंत्रण पा लेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

