रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 263वें अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 263वें अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन


रांची, 26 अप्रैल (हि.स.)। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की ओर से संचालित पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में रविवार को 263वें अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और महाप्रसाद ग्रहण कर धार्मिक वातावरण का आनंद लिया।

यह आयोजन संत शिरोमणी स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के तहत श्री राधा रानी का आकर्षक आभूषणों से दिव्य श्रृंगार किया गया, जिससे मंदिर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय द्वारा दोपहर 12 बजे विधिवत महाप्रसाद का भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, तरबूज, जलजीरा शर्बत और सत्तू पानी का वितरण किया गया। सैकड़ों लोगों ने श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया।

ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक महाप्रसाद वितरण किया जाता है, जिसमें औसतन 400 से अधिक श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा सेवा का उद्देश्य किसी भी व्यक्ति को भूखा न रहने देना और सेवा भावना को समाज में मजबूत करना है।

उन्होंने यह भी बताया कि आयोजन के दिन सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही और लगभग 3 हजार श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। भक्तों की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लगातार बनी रहीं।

कार्यक्रम के दौरान भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें भजन गायकों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से माहौल को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया। भक्त भजनों में झूमते नजर आए और पूरे परिसर में भक्ति का अद्भुत वातावरण बना रहा।

अंत में सामूहिक महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने आरती में भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया और मंदिर प्रबंधन की सराहना की।

इस अवसर पर डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, नंदकिशोर चौधरी, अंजनी अग्रवाल, पवन पोद्दार, सुरेश भगत, अनिल अग्रवाल, ज्ञान प्रकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story