रांची के श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 274वें अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन
रांची, 14 जुलाई। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की ओर से संचालित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में मंगलवार को संत शिरोमणि डॉ. स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में 274वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन-पूजन कर महाप्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर श्री राधा रानी का विशेष रूप से आकर्षक आभूषणों और रंग-बिरंगे पुष्पों से भव्य श्रृंगार किया गया। दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कर भगवान को महाप्रसाद का भोग अर्पित किया।
पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, लीची जूस और आलू चिप्स का प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर परिसर में लगभग दो हजार श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित भजन संध्या में ट्रस्ट के भजन गायकों ने श्रीकृष्ण भक्ति से ओत-प्रोत भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर राधे-कृष्ण तथा श्याम के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक महाआरती के साथ हुआ।
ट्रस्ट के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि दिनभर में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक सभी श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है।
इस अवसर पर श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

