राधा-कृष्ण मंदिर में श्रद्धालुओं के बीच अन्नपूर्णा महाप्रसाद का वितरण
रांची, 03 मई (हि.स.)। श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में 264वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन रविवार को बेहद श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया।
श्री कृष्ण प्रणामी सेवाधाम ट्रस्ट के तत्वावधान में डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में श्री राधा रानी का विशेष श्रृंगार कर पूजा-अर्चना की गई। दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने महाप्रसाद का विधिवत भोग लगाया। इसके बाद मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, जलजीरा शर्बत और सत्तू पानी का वितरण किया गया।
ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही और तीन हजार से अधिक लोगों ने दर्शन किए। उन्होंने कहा कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 से 2 बजे तक महाप्रसाद वितरण किया जाता है।
उन्होंने बताया कि अबतक 1500 श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया है। यह सेवा आगे भी जारी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान भजन संध्या भी आयोजित हुई, जिसमें मनीष सोनी ने राधा-कृष्ण एवं श्याम भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। बाद में सामूहिक महाआरती की गई। अनुष्ठान में महिला पुरुष सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

