सरदार अनमोल सिंह रामगढ़ छावनी परिषद के तदर्थ बोर्ड में नामित सदस्य मनोनीत

WhatsApp Channel Join Now
सरदार अनमोल सिंह रामगढ़ छावनी परिषद के तदर्थ बोर्ड में नामित सदस्य मनोनीत


- रक्षा मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना, सांसद मनीष जायसवाल ने की थी नाम की अनुशंसा

रामगढ़, 28 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि सरदार अनमोल सिंह को परिषद के तदर्थ बोर्ड का नामित सदस्य मनोनीत किया गया है। रक्षा मंत्रालय के रक्षा संपदा विभाग की ओर से मनोनयन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद भारत सरकार के गजट में इसकी अधिसूचना प्रकाशित कर दी गई है। उनके मनोनयन से लंबे समय से नागरिक प्रतिनिधित्व के बिना संचालित तदर्थ बोर्ड में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित होने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि रामगढ़ छावनी परिषद का तदर्थ बोर्ड लंबे समय से बिना किसी नागरिक प्रतिनिधि के संचालित हो रहा था। इसके कारण स्थानीय नागरिकों की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को बोर्ड के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने के लिए प्रतिनिधित्व की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

इसी को ध्यान में रखते हुए हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने तदर्थ बोर्ड में नामित सदस्य के रूप में सरदार अनमोल सिंह के नाम की अनुशंसा की थी। इसके बाद रक्षा मंत्रालय के रक्षा संपदा विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उनके मनोनयन की अधिसूचना जारी की।

सरदार अनमोल सिंह के जल्द ही पदभार ग्रहण करने की संभावना है। उनके बोर्ड में शामिल होने से रामगढ़ कैंट क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं, स्थानीय विकास और जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों को परिषद के समक्ष रखने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768476 Articles

Share this story