झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा का बंद रहा बेअसर
रांची, 30 सितंबर (हि .स.)। राजधानी रांची में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के झारखंड बंद का बुधवार
को कोई असर देखने को नहीं मिला। इस दौरान सड़कों पर वाहन रोज की तरह चले। सभी दुकानें खुली रहीं। बच्चों के स्कूल भी आमदिनों की तरह खुले रहे।
इस दौरान आंदोलनकारियों ने राजधानी रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पूर्व सांसद भुवनेश्वर मेहता, मोर्चा के प्रधान सचिव पुष्कर महतो, शीला कच्छप, अनथन लकड़ा, रेखा देवी, सिमोन तिग्गा, करमा तिग्गा सहित अन्य आंदोलनकारी चौक पर पहुंचे और कुछ देर के लिए आवागमन बाधित किया। लेकिन बाद में पुलिस की सक्रियता से आवागमन को बहाल करा लिया गया।
वहीं सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद आंदोलनकारियों ने कुछ देर में जाम हटा लिया। इसके बाद सभी आंदोलनकारी भाकपा कार्यालय के पास जाकर बैठ गये।
वहीं मोर्चा के प्रधान सचिव पुष्कर महतो ने कहा कि अलबर्ट एक्का चौक पर किया गया प्रदर्शन सांकेतिक था। इसका उद्देश्य सरकार का ध्यान झारखंड आंदोलनकारियों की लंबित मांगों की ओर आकृष्ट कराना है।
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में विस्थापितों के पुनर्वास और मुआवजे के साथ विस्थापन आयोग का गठन, आंदोलनकारियों को समान पेंशन और सरकारी नौकरी में सीधी नियुक्ति के साथ 60 साल से अधिक उम्र के किसानों को 10 हजार रुपये मासिक पेंशन देना शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

