सरकार मांगे नहीं मानी तो हड़ताल के साथ होगा आंदोलन : एंबुलेंस कर्मचारी संघ

WhatsApp Channel Join Now
सरकार मांगे नहीं मानी तो हड़ताल के साथ होगा आंदोलन : एंबुलेंस कर्मचारी संघ


रांची,19 नवंबर (हि.स.)। झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रही। झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध) ने सरकार पर 22 अक्टूबर 2026 को हुई वार्ता में बनी सहमति लागू नहीं करने का आरोप लगाते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

संघ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा गया कि बीते दिनों हुई वार्ता के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा, समय पर वेतन भुगतान, न्यूनतम मजदूरी, ईपीएफ, ईएसआईसी, बीमा, बोनस और अवकाश जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर सहमति बनी थी। एस्क्रो अकाउंट से वेतन भुगतान, बायोमेट्रिक उपस्थिति तथा मनमानी बर्खास्तगी रोकने पर भी निर्णय की बात कही गई थी। लेकिन अब तक इन व्यवस्थाओं को लागू नहीं किया गया है। इसके अलावा खराब एंबुलेंस की मरम्मत निजी पैसे से कराने और फर्जी केस आईडी बनाने का दबाव देने का आरोप भी लगाया गया है।

संघ ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और व्यापक किया जाएगा। संघ ने सम्मान फाउंडेशन कंपनी के अनुबंध और वेतन भुगतान के दस्तावेजों पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि 16 अक्टूबर 2026 की बैठक में जुलाई-अगस्त के वेतन भुगतान के ऐसे दस्तावेज प्रस्तुत किए गए, जिनमें कर्मचारियों के नाम पर लाखों रुपये तक भुगतान दर्शाया गया,जबकि संबंधित कर्मचारियों के खातों में राशि नहीं पहुंची। संघ ने इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779972 Articles

Share this story