एसबीयू में ‘पिक्सल स्पंदन 2026’ का आयोजन, अमन सोय ने जीता प्रथम पुरस्कार

WhatsApp Channel Join Now
एसबीयू में ‘पिक्सल स्पंदन 2026’ का आयोजन, अमन सोय ने जीता प्रथम पुरस्कार


रांची, 22 अगस्त (हि.स.)। सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू), रांची में विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर दो दिवसीय कार्यशाला, संगोष्ठी और फोटोग्राफी प्रतियोगिता ‘पिक्सल स्पंदन 2026’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पत्रकारिता एवं जनसंचार के छात्र अमन सोय ने प्रथम स्थान हासिल किया। सौम्या कुजूर दूसरे और अर्पिता तिग्गा तीसरे स्थान पर रहीं। पांच प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अमन सोय को 4,100 रुपये, द्वितीय स्थान की विजेता सौम्या कुजूर को 3,100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली अर्पिता तिग्गा को 2,100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।

विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार संकाय तथा शटरबग्स क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘प्रकृति’, ‘जनजातीय संस्कृति’ और ‘अपनी रांची’ विषयों पर फोटोग्राफी के जरिए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शामिल तस्वीरों में प्रकृति की खूबसूरती, जनजातीय विरासत और रांची के दैनिक जीवन के विविध रंगों को कैमरे में कैद किया गया।

कार्यशाला के दौरान फोटोग्राफर कुलदीप सिंह दीपक, दिवाकर प्रसाद और संजय बोस ने तकनीकी सत्रों में विद्यार्थियों को फोटोग्राफी और दृश्य कथाकथन (विजुअल स्टोरीटेलिंग) की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने तस्वीरों के माध्यम से प्रभावी कहानी प्रस्तुत करने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

समापन सत्र में ट्रैवल एवं एस्ट्रोफोटोग्राफर निमित निगम ने स्ट्रीट फोटोग्राफी, कंपोजिशन, कैमरा एंगल और विजुअल स्टोरीटेलिंग पर व्यावहारिक जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को फोटोग्राफी में रचनात्मक दृष्टिकोण के साथ तकनीकी दक्षता विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन तथा राज्यसभा सांसद सह निदेशक, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडली को शुभकामनाएं दीं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story