अमन ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में टीम को दिलाया तीसरा स्थान

WhatsApp Channel Join Now
अमन ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में टीम को दिलाया तीसरा स्थान


रामगढ़, 03 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गोला क्षेत्र के रहने वाले अमन मुंडा ने खेलो इंडिया ट्राईबल्स गेम में झारखंड की टीम को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचा दिया। उसकी सफलता अब राष्ट्रीय स्तर पर गूंज रही है। पिता का साया नहीं हाेने और अत्यंत गरीब परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद सीमित संसाधनों में अपनी प्रतिभा के बल पर अमन मुंडा ने राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन किया है।

छत्तीसगढ़ में 25 मार्च से 03 अप्रैल तक पहली बार आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड की कबड्डी टीम ने राज्य का प्रतिनिधित्व किया। इसमें गोला के हरी मंदिर नया टोला निवासी अमन मुंडा को भी स्थान मिला। झारखंड की कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस टीम में शामिल रजरप्पा स्पोर्ट्स एकेडमी एवं रामगढ़ जिला कबड्डी टीम के खिलाड़ी अमन मुंडा ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए अपने जिले और क्षेत्र को गौरवान्वित किया।

अमन मुंडा की इस उपलब्धि पर कबड्डी एसोसिएशन के चेयरमैन सीडी सिंह ने शुक्रवार को गोला के हरी मंदिर नया टोला स्थित उनके आवास पहुंचकर रामगढ़ जिले के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों के साथ उन्हें फूल-माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सीडी सिंह ने कहा कि एक अत्यंत गरीब परिवार से आने वाले अमन ने अपनी प्रतिभा के दम पर यह उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर गोला पंचायत की मुखिया बुलटी देवी ने भी अमन मुंडा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि पूरे पंचायत के लिए गर्व की बात है। राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान मिलना क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने अमन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर कुश्ती और वुशु एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर राम करमाली, सूरज मुंडा, विक्की दास, शेखर करमाली, धनराज दास, मोनिका कुमारी सहित कई खेलप्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story