अमन अंसारी हत्याकांड का मुख्य आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अमन अंसारी हत्याकांड का मुख्य आरोपित गिरफ्तार


देवघर, 09 मई (हि.स.)। मधुपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बहुचर्चित अमन अंसारी हत्याकांड का खुलासा किया।

उन्होंने बताया कि बीते बुधवार को मधुपुर थाना क्षेत्र के आमतला-भेरवा स्थित सिंघानिया राइस मिल के समीप खेत की झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद किया गया था। शव के माथे पर किसी भोथरे हथियार से गंभीर प्रहार किया गया था, जिससे उसका चेहरा खून से लथपथ था।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में शव की पहचान नहीं हो सकी थी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल देवघर भेजा गया। उसी दिन शाम को मृतक की पहचान बेलपाड़ा निवासी अमन अंसारी के रूप में हुई। मृतक के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर मधुपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए देवघर पुलिस की विशेष टीम का गठन किया गया।

अनुसंधान, गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद फैजान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपित ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, इस हत्या में एक अन्य आरोपित भी शामिल है, जो फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने आरोपित के पास से घटना में प्रयुक्त बाइक, विवो कंपनी का मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि घटना से पहले आरोपित अमन अंसारी को बाइक पर घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था। छापेमारी दल में मधुपुर थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी संतोष कुमार गुप्ता, एसआई धर्मवीर भगत, सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार तथा मधुपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने दावा किया है कि फरार आरोपित को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story