डोरंडा गर्ल्स मिडिल स्कूल की पूर्व छात्राओं ने की संघ के गठन की पहल

WhatsApp Channel Join Now
डोरंडा गर्ल्स मिडिल स्कूल की पूर्व छात्राओं ने की संघ के गठन की पहल


रांची, 26 अगस्त (हि.स.)। डोरंडा गर्ल्स मिडिल स्कूल, डोरंडा की पूर्व छात्राओं ने विद्यालय की सभी पूर्व छात्राओं को एकजुट कर बुधवार को पूर्व छात्रा संघ के गठन की पहल की है। इस संबंध में पूर्व छात्राओं की ओर से डोरंडा गर्ल्स मिडिल स्कूल एवं सोसाइटी, डोरंडा के सचिव को औपचारिक अनुरोध पत्र सौंपकर संघ के गठन की अनुमति एवं आवश्यक मार्गदर्शन देने का आग्रह किया गया है।

इस पहल का नेतृत्व पूर्व छात्राएं डॉ मऊ संतारा और रजनी बख्शी कर रही हैं। पूर्व छात्राओं ने कहा कि एक संगठित मंच के माध्यम से विद्यालय की शैक्षणिक, सामाजिक और अन्य आवश्यक गतिविधियों में सहयोग किया जा सकता है। साथ ही, इससे विद्यालय की प्रतिष्ठा, गौरवशाली विरासत और गरिमा को संरक्षित एवं और मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित संघ के माध्यम से पूर्व छात्राओं को ऐसा साझा मंच उपलब्ध कराने की योजना है, जहां वे वर्षों बाद एक-दूसरे से जुड़ सकें और विद्यालय से अपना संबंध बनाए रख सकें।

पूर्व छात्राओं ने विद्यालय प्रबंधन से पहल को सकारात्मक सहयोग एवं मार्गदर्शन देने की अपील की है, ताकि संघ को एक मजबूत, सार्थक और स्थायी मंच के रूप में विकसित किया जा सके।

प्रस्तावित पूर्व छात्रा संघ का मुख्य उद्देश्य विद्यालय की पूर्व छात्राओं के बीच मजबूत और सार्थक संबंध स्थापित करना और विद्यालय के विकास और कल्याण में सामूहिक योगदान सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story