प्रदेश कांग्रेस कमिटी में सभी वर्गों को मिला सही प्रतिनिधित्व : मुंजनी

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश कांग्रेस कमिटी में सभी वर्गों को मिला सही प्रतिनिधित्व : मुंजनी


रांची 06 मई (हि.स.)। हाल ही में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के अनुमोदन के बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की बहुप्रतीक्षित नई प्रदेश कमिटी की घोषणा की गई है। यह नवगठित कमिटी संतुलित, दूरदर्शी और समावेशी सोच के साथ तैयार की गई है, जो संगठन को नई दिशा और ऊर्जा देगी।

यह बातें पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सह मीडया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही।

मुंजनी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में गठित इस कमिटी की विशेषता यह है कि इसमें पदाधिकारियों को केवल नाम मात्र के लिए नहीं, बल्कि स्पष्ट कार्यात्मक जिम्मेदारियों के साथ नियुक्त किया गया है।

इस नवगठित कमिटी में सामाजिक न्याय के सिद्धांत को प्राथमिकता देते हुए सभी वर्गों को समुचित प्रतिनिधित्व दिया गया है। पहली बार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला एवं युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

कमेटी में ये हैं शामिल

कमेटी में कुल पदाधिकारियों की संख्याम 221 है। इसमें सामान्य वर्ग के 71, अनुसूचित जाति (एससी) के 26

अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 37, पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के 54, अल्पसंख्यक के 33, महिलाएं 42 और युवाओं की संख्या 80 है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण व्यवहारिक समितियों का भी गठन किया गया है। इसमें समन्वय समिति – 34 सदस्य, अभियान समिति – 05 सदस्य, परिसीमन समिति – 05 सदस्य, राजनीतिक मामलों की समिति – 34 सदस्य, चुनाव प्रबंधन समिति – 08 सदस्य और एसआईआर समिति – 05 सदस्य शामिल किए गए हैं।

मुंजनी ने कहा कि नई प्रदेश कमिटी के गठन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का वातावरण है। यह माना जा रहा है कि इससे संगठन सृजन अभियान को नई गति मिलेगी और पार्टी की जमीनी पकड़ और मजबूत होगी।

प्रदेश कांग्रेस कमिटी के गठन को लेकर राज्य के कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है।

आभार प्रकट करने वालों में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के उपाध्यक्ष सुरेश कुमार बैठा, सतीश पॉल मुंजनी, डॉ राजेश गुप्ता, अभिलाष साहू, मंजूर अंसारी, अशोक चौधरी, सुल्तान अहमद प्रदेश महासचिव सूर्यकांत शुक्ला, लाल प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव, लाल किशोर नाथ शाहदेव, केदार पासवान, डॉ राकेश किरण महतो, शांतनु मिश्रा, रियाज अंसारी, राजन वर्मा सहित अन्य के नाम शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story