भारी बारिश के अलर्ट के बीच रांची में शनिवार को सभी स्कूल रहेंगे बंद

WhatsApp Channel Join Now
भारी बारिश के अलर्ट के बीच रांची में शनिवार को सभी स्कूल रहेंगे बंद


रांची, 25 सितंबर (हि.स.)। भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार को रांची जिले के सभी स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह आदेश जारी किया है।

आदेश के तहत सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी स्कूलों में केजी से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई बंद रहेगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग और मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड, रांची की ओर से जारी विशेष बुलेटिन में जिले में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। रांची को येलो अलर्ट में रखा गया है।

स्कूल बंद रहने के बावजूद सरकारी स्कूलों के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों को ई-विद्यावाहिनी में अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी और निर्धारित गैर-शैक्षणिक कार्य पूरे करने होंगे। किसी स्कूल में पहले से कोई अनिवार्य परीक्षा निर्धारित है तो उसके आयोजन के संबंध में प्रधानाध्यापक अपने स्तर से निर्णय ले सकेंगे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूल या संस्थान के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story