रांची में द्वितीय ऑल इंडिया जजेज बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का शुभारंभ
रांची, 03 जनवरी (हि.स.)। राजधानी रांची में द्वितीय ऑल इंडिया जजेज बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 03 से 04 जनवरी 2026 तक रांची के खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान, न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय, न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी तथा भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान निक्की प्रधान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न्यायपालिका के सदस्यों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं और आपसी सौहार्द को भी बढ़ावा देते हैं।
इस टूर्नामेंट में देश के नौ विभिन्न उच्च न्यायालयों से आए 31 न्यायाधीश भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में मेंस सिंगल्स, मेंस डबल्स, विमेंस सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स कुल चार श्रेणियों में मुकाबले खेले जा रहे हैं।
इस अवसर पर प्रतियोगिता के सफल आयोजन और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन, रांची की सराहना की गई। वहीं, न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय द्वारा रांची के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री को जिला प्रशासन के सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

