डीलर्स फेडरेशन ने कमीशन को लेकर किया धरना-प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

दुमका, 01 सितंबर (हि.स.)। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के तत्वावधान में मंगलवार को पुराना समाहरणालय परिसर में विभिन्न मांगों को लेकर जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन जिला अध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार झा के नेतृत्व में हुई।

मांगों को लेकर तेज बारिश के बावजूद काफी संख्या में जिला भर से आए विक्रेताओं ने अपनी समस्याएं रखीं। धरना के बाद मुख्यमंत्री के नाम 10 सुत्री मांग पत्र उपायुक्त को सौंपा गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुनील कुमार झा ने कहा कि जिले में करीब 1050 जनवितरण प्रणाली की दुकानों के माध्यम से केन्द्र और राज्य सरकार की ओर से चल रहे महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं मुख्यमंत्री खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रतिमाह लाभूकों के बीच चावल, गेहूं, चना दाल, नमक का वितरण किया जा रहा है।

राशन कार्ड में ई-केवाईसी से लेकर सभी तरह के विभागीय आदेशों का हम पूरी निष्ठा के साथ पालन करते आ रहे हैं। लेकिन दुख की बात है कि उक्त अनाज वितरण के एवज में मिलने वाला कमीशन वर्षों से नहीं मिल रहा है। गरीबों के घर तक सरकारी राशन का लाभ पहुंचाने वाले जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं को कमीशन नहीं मिलने के कारण दिन प्रतिदिन डीलरों की स्थिति दयनीय होते जा रही है।

उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण इलाज के अभाव में अभी तक राज्य में एक दर्जन से अधिक विक्रेताओं की असमय मौत भी हो चुकी है। फेडरेशन दर्जनों बार विभागीय अधिकारियों और निदेशक से मिलकर अपनी बातों को रख चुका है, मगर सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है। फेडरेशन की मुख्य मांगों में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आवंटन के साथ ही कमीशन का अग्रिम भुगतान करने, मिनिमम आय गारंटी 50 हजार लागू करने, जनवितरण व्यवस्था को पेपर लेंस करने, गीता मेटल की ओर से कांटा रिपेयरिंग के नाम पर डीलरों का शोषण बंद करने, गीता मेटल कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने सहित अन्य शामिल है।

कार्यक्रम को जिला महासचिव बजरंग अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साह, तोबियस मुर्मू, नुरी बीबी, जयप्रकाश साह, सलाम अंसारी सहित दर्जनों विक्रेताओं ने संबोधित किया।

मौके पर सभी 10 प्रखंडों के जनवितरण प्रणाली विक्रेता और स्वयं सहायता समूहों की कई महिलाएं मौजूद थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story