झारखंड के 20 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के 20 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट


रांची, 27 मई (हि.स.)। राजधानी रांची सहित राज्य के 20 जिलों में गुरुवार को बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे लेकर बुधवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। हालांकि उत्तर-पश्चिमी झारखंड के चार जिलों गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा में गुरुवार को बारिश की संभावना कम जताई गई है। इसके अलावा शेष जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने और वज्रपात की आशंका व्यक्त की गई है।

विभाग ने यह भी कहा है कि दो जून तक राज्य के विभिन्न जिलों में मौसम अस्थिर बना रह सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।

इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिला। पाकुड़ जिले के पाकुड़िया में सबसे अधिक 16 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा अमरपारा, महेशपुर, महगांव, बोआरिजोर, पथरगामा और मझगांव समेत कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गोड्डा में 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बुधवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और मध्यम गति से हवा चलने लगी। इससे लोगों को तेज गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री और न्यूनतम 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री और न्यूनतम 25.7 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 43.5 डिग्री और न्यूनतम 27.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 40.5 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। किसानों को भी मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story