आजसू का महिला अधिवेशन 04 जुलाई को खेलगांव में, सुदेश होंगे मुख्य अतिथि
रांची, 02 जुलाई (हि.स.)। आजसू पार्टी के सहयोगी संगठन अखिल झारखंड महिला संघ के राज्य स्तरीय अधिवेशन की तैयारी में संगठन जुट गया है। अधिवेशन में आजसू पार्टी की सशक्त महिला, समृद्ध महिला और स्वावलंबी महिला की अवधारणा को केंद्र में रखते हुए महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक सशक्तिकरण तथा उनकी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
महिला अधिवेशन को लेकर महिला पदाधिकारियों की ओर से गुरुवार को पार्टी के हरमू स्थित कार्यालय में प्रेस वार्ता में तैयारी की जानकारी दी गई।
पार्टी नेत्रियों ने बताया कि कार्यक्रम के संचालन और सुव्यवस्थित प्रबंधन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। अलग-अलग समितियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। अधिवेशन की व्यवस्था और संचालन में अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू छात्र संघ) एवं युवा आजसू के पदाधिकारी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बताया गया कि अधिवेशन का शुभारंभ प्रातः 10 बजे होगा। कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा।
महिला संघ की प्रदेश स्तरीय समिति के गठन पर होगा विचार-विमर्श
प्रथम सत्र उद्घाटन सत्र होगा, जिसमें विषय प्रवेश के साथ-साथ प्रखंड और जिला स्तर के पदाधिकारियों की सहभागिता रहेगी। इस सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में सुदेश कुमार महतो (केंद्रीय अध्यक्ष, आजसू पार्टी), सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो सहित पार्टी के पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक एवं केंद्रीय पदाधिकारी अधिवेशन को संबोधित करेंगे।
बताया गया कि कार्यक्रम में अखिल झारखंड महिला संघ की प्रदेश स्तरीय समिति के गठन पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
अधिवेशन का दूसरा सत्र खुला सत्र होगा, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से आने वाली हजारों महिला प्रतिनिधि भाग लेंगी।
इस अवसर पर महिलाओं के संगठनात्मक विस्तार, नेतृत्व विकास और राज्य निर्माण में उनकी भूमिका पर व्यापक चर्चा होगी।
प्रेस वार्ता में रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, बोकारो जिला परिषद उपाध्यक्ष बबीता देवी, जिला परिषद सदस्य सरिता देवी, रांची जिला महिला अध्यक्ष वीणा देवी, नगर अध्यक्ष सीमा सिंह सहित अखिल झारखंड महिला संघ की कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

